
छपरा, सारण
तरैया प्रखंड के नारायणपुर पंचायत के प्राथमिक विद्यालय रामपुर महेश के परिसर में बुधवार को जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि की उपस्थिति में जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया है।
जन संवाद का मुख्य उद्देश्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों/प्रखंड समन्वय समिति/युवा वर्ग/महिला वर्ग/ सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक रूप से पिछड़े एवं कमजोर वर्गों / दिव्यांगजनों की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए सरकार की विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में आम जनों को जानकारी प्रदान करते हुए इस संबंध में सुझाव एवं प्रतिक्रिया प्राप्त कर उसका निराकरण करना है।
उपस्थित आमजनों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की संबंधित पदाधिकारियों द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई तथा उन्हें योजनाओं का लाभ उठाने स्वास्थ्य, आवास योजना, सड़क, विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग, पेंशन योजना, उत्पाद विभाग, मत्स्य, कल्याण विभाग, पंचायती राज विभाग, परिवहन, कृषि विभाग, सहकारिता विभाग पीएचईडी, महिला सुरक्षा आदि मुख्य रूप से शामिल हैं।
कार्यक्रम का उद्घाटन मढ़ौरा अनुमंडल पदाधिकारी डॉ प्रेरणा सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने विस्तार से अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपस्थित आम जनों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों को दी।
अनुमंडल पदाधिकारी ने यहां आए हुए सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारी, आम जनता का हार्दिक अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि यह जन संवाद कार्यक्रम बिहार में आयोजित हो रहा है। हम सभी प्रशासन के अधिकारी यहां पर आप सभी के बीच आये हैं। उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि जन संवाद का मुख्य उद्देश्य पंचायत में महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वित किए जाने की वस्तु स्थिति जानने एवं योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी उपलब्ध करने के साथ-साथ योजनाओं के संबंध में फीडबैक एवं आवश्यक संशोधन से संबंधित जानकारी लेना है।
उन्होंने कहा कि आप सभी के बीच आकर के योजनाओं की वस्तु स्थिति से हम लोग रूबरू हो रहे हैं। आप सबों से योजनाओं से संबंधित प्रतिक्रिया एवं सुझाव को प्राप्त करने के उद्देश्य को ध्यान में रखकर आज आप लोगों के बीच हम सभी अधिकारी उपस्थित हुए हैं। काफी खुशी है कि काफी बड़ी संख्या में लोग यहां सरकार की योजनाओं को सुनने एवं जानकारी लेने के लिए आए हैं। आगे कहा कि राज्य सरकार द्वारा रास्ता को और सुगम आवागमन स्थापित करने के लिए टोला संपर्क योजना के तहत एक टोला से दूसरे टोला तक जोड़ने का कार्य किया गया है।
अब हर छोटी-छोटी गलियां से लेकर एक टोले से दूसरे टोले, एक गांव से दूसरे गांव, एक पंचायत से दूसरे पंचायत सड़क के माध्यम से जोड़कर आवागमन को काफी सुचारू बनाया गया है। हर घर बिजली के क्षेत्र में भी सरकार द्वारा हर छोटे-छोटे टोल कस्बे में भी बिजली उपलब्ध करवाया है। शहरी क्षेत्र के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी अब 18 से 20 घंटे तक बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। वर्तमान समय में वार्ड स्तर पर सोलर से भी जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। सोलर लाइट लगने से सभी वार्डों के प्रमुख सड़क/ रास्ता भी अब रात्रि में चकाचक दिखती है। शहरों की तर्ज पर भी गांव में भी सभी सुविधाएं राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है।
उन्होंने कहा कि जल जीवन हरियाली अभियान सरकार की काफी महत्वपूर्ण योजना है। वर्तमान समय में धीरे-धीरे जैसे जलवायु परिवर्तन हो रहा है जिसके कारण पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इन सभी चीजों को ध्यान में रखते हुए जल संरक्षण हेतु तालाब, आहर, पोखर के माध्यम से पानी को संरक्षण किया जा रहा है ताकि आपके अगले पीढ़ी सुरक्षित रह सके। बड़े पैमाने पर पौधारोपण का कार्य भी किया गया है। हर गांव हर तोले में जल जीवन हरियाली अभियान के तहत योजनाएं काम किया गया है।
उन्होंने कहा कि हर क्षेत्र में हर वर्ग के लिए हर समुदाय के लोगों के लिए राज्य सरकार द्वारा कई सारे योजनाएं संचालित है एवं उन्हें क्रियान्वयन करवाया जा रहा है। आप सभी आमजन उन योजनाओं का भरपूर लाभ ले।उन्होंने कहा कि सभी प्रखंडों में कौशल विकास केंद्र के माध्यम से कंप्यूटर कोर्स एवं संवाद कला की पढ़ाई/ ट्रेनिंग दी जा रही है इसमें सभी युवा वर्ग हर हाल में इसका लाभ उठावें।वैसे युवा वर्ग जो बाहर पढ़ने की चेष्टा रखते हैं उन्हें राज्य सरकार द्वारा ₹4 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध करवाया जा रहा है इसका लाभ भी आप जरूर लें। इसी क्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों द्वारा अलग-अलग योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके पश्चात बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के बारे में आम जनों को जानकारी विस्तार से दी गई।
जन संवाद कार्यक्रम के दौरान कई ग्रामीणों ने छोटी-छोटी समस्याओं से अनुमंडल पदाधिकारी को अवगत कराया एवं उसके समाधान हेतु पत्र भी दिया गया। अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारी गणों को समस्याओं के समाधान हेतु तत्काल पहल करने हेतु निर्देशित किया गया। बताया कि जनसंवाद में आने वाली समस्याओं की निराकरण के स्थिति की समीक्षा संबंधित पदाधिकारी के स्तर से भी की जाएगी।
जन संवाद कार्यक्रम में तरैया बीडीओ कृष्णा कुमार सिंह, अंचलाधिकारी अंकु गुप्ता, थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार, सीडीपीओ अर्चना कुमारी, बीईओ, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, स्थानीय मुखिया अमित कुमार सिंह, भागवतपुर मुखिया मुकेश कुमार यादव, डेवढ़ी मुखिया प्रतिनिधि दिलीप सिंह, भटगाई मुखिया ओम प्रकाश राम, पूर्व बीडीसी नागेंद्र प्रसाद, सरपंच संघ के प्रदेश महासचिव सुनील कुमार तिवारी समेत स्थानीय जनप्रतिनिधि के साथ प्रखंड स्तरीय जन प्रतिनिधि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन संजीव कुमार चौबे ने किया।