
पति एवं विवाहित ननद गिरफ्तार
सारण :- पानापुर थाना क्षेत्र के मोरिया बिचला टोला में दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल के लिए ससुरालवालों द्वारा शुक्रवार की रात एक विवाहिता की गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।
मृत महिला रणधीर कुमार की पत्नी श्वेता भारद्वाज बतायी जाती है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुँची एवं शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेजवाया।
इस मामले में मृतका के पिता मुजफ्फरपुर जिले के कुबौली गांव निवासी राकेश कुमार सिंह ने स्थानीय थाने में बुलेट गाड़ी के लिए अपनी पुत्री की हत्या किए जाने की प्राथमिकी दर्ज करायी है जिसमे पति रणधीर कुमार, सास शांति देवी एवं विवाहित ननद मंजू देवी एवं रंजू देवी को नामजद किया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति रणधीर कुमार एवं ननद मंजू देवी को गिरफ्तार कर लिया। दर्ज प्राथमिकी में उन्होंने कहा कि मैंने अपनी पुत्री का विवाह 28 फरवरी 2023 को सुरेंद्र सिंह के पुत्र रणधीर कुमार के साथ किया था। शादी के बाद से ही बुलेट मोटरसाइकिल के लिए मेरी पुत्री को प्रताड़ित किया जाता था। थानाध्यक्ष विश्वमोहन राम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।