
सारण : पानापुर प्रखंड मुख्यालय पानापुर ,रसौली एवं टोटहा जगतपुर पंचायत में रविवार को विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत कृषि विज्ञान केंद्र मांझी द्वारा किसानों को उन्नत कृषि के बारे में जानकारी दी गई।
कृषि विज्ञान केन्द्र माँझी के विषय वस्तु विशेषज्ञ (उद्यान विज्ञान) सह नोडल ऑफिसर, विकसित कृषि संकल्प अभियान डॉ. जितेन्द्र चन्द्र चंदोला ने कृषि विज्ञान केन्द्र माँझी में किए जाने वाले विभिन्न विषयों के प्रशिक्षण, भारत सरकार एवं बिहार सरकार द्वारा चलाए जा रहे योजनाओं, पॉलीहाउस में सब्जियों का उत्पादन, शून्य जुताई विधि से धान की सीधी बुआई, अरहर की खेती, वैज्ञानिक विधि से फलों के नए बाग लगाना, उत्तम किस्म के पौधों की उपलब्धता, गड्डे खोदने का उत्तम समय एवं विधि, प्राकृतिक खेती, पोषण वाटिका, ड्रोन का खेती में महत्व, फलों एवं सब्जियों की नर्सरी, खरीफ के फसलों में लगने वाले कीट एवं रोग के प्रबंधन, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन आदि के बारे में जानकारी दी।
मृदा विशेषज्ञ डॉ. विजय कुमार ने मृदा स्वास्थ्य कार्ड, मृदा की जांच आदि के बारे में बताया .इस मौके पर शमशेर आलम , प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी अजय कुमार झा, प्रखण्ड उद्यान अधिकारी सुभाष चंद्र यादव, मनोज गिरी, बीस सूत्री के अध्यक्ष अखिलेश्वर सिंह, उपाध्यक्ष अशोक कुमार कुशवाहा, कृषि समन्वयक उदयशंकर सिंह, सुनील कुमार द्विवेदी, संदीप कुमार सहित किसान उपस्थित थे।