छपरा, सारण
माँझी थाना क्षेत्र के मटियार गाँव निवासी स्व. मुनिलाल माँझी के पुत्र प्रभुनाथ माँझी असम से निकलने के आठ दिनों बाद तक भी अपने घर नही पहुँच सके हैं और न ही उनके मोबाइल से सम्पर्क हो पा रहा है। परिजन किसी अज्ञात अनहोनी की आशंका से परेशान हैं।
इस संबंध में पारिवार के सदस्यों ने बताया कि श्री माँझी पिछले शनिवार को असम के सिंबलगुड़ी स्थित सोनारी बाजार के गंजी पाड़ा से वापस अपने घर आने के लिए डेरा से सामान लेकर निकले थे। शनिवार को असम से लौटते समय वे ट्रेन पर सवार हुए भी कि नही, इस बात जानकारी वहाँ रह रहे लोगों तक को भी नही है। परिजनों ने बताया कि वे असम में रहकर मजदूरी करते थे तथा दीपावली व छठ पर्व के अवसर पर घर आने की परिजनों को सूचना दी थी। वहीं सिवान जिले का मुन्ना पासवान नामक मजदूर उन्हें ईंट भट्ठे पर काम करने के लिए दो माह पूर्व लेकर गया था।
परिजन लगातार उनकी खोजबीन में एक सप्ताह से परेशान हैं। असम के पुलिस को भी उनके अब तक घर नही पहुँच पाने की सूचना दे दी गई है। इधर अपने पति की आस में बैठी उनकी पत्नी चम्पा देवी सहित अन्य परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया है। परिजनों ने इस सम्बंध में माँझी थाना पुलिस को भी लिखित शिकायत की है।