![](https://i0.wp.com/chapratak.com/wp-content/uploads/2022/01/n3480006581641481727336d8286073fff7375de2b5e11f0422c7132075e38d2b46d393193fd8a06cdd41ed.jpg?fit=300%2C147&ssl=1)
स्टेट डेस्क: बिहार की राजनीति को राष्ट्रीय जनता दल ने बढ़ती ठंड के बीच गरमा दिया है। गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सत्तारुढ़ JDU को अपने साथ आने का ऑफर किया है। यह ऑफर लालू यादव के खास और RJD के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने दिया है। ऐसे में माहौल में गर्मी देखी जा रही है। मुद्दों आधारित यह समर्थन भी BJP के कान खड़े करने के लिए काफी है।
पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सिंह ने कहा, ‘भाजपा के आगे नीतीश कुमार झुकें नहीं। विशेष राज्य के दर्जा और जातीय जनगणना के मुद्दे पर नीतीश सरकार पर किसी तरह का राजनीतिक असर पड़ता है तो महागठबंधन नीतीश कुमार को साथ देने के लिए खड़ा है।’
नीतीश बिहार के विकास के सवाल पर महागठबंधन के साथ आए
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने भास्कर से बात करते हुए कहा, ‘बिहार के विकास के मुद्दे पर नीतीश कुमार को महागठबंधन के साथ आना चाहिए। भाजपा की नीति की वजह से बिहार का विकास बाधित हो रहा है।
वह भाजपा के साथ असहज महसूस कर रहे हैं। भाजपा NDA में बड़ी पार्टी है, पर इन दो मुद्दों पर नीतीश कुमार को सहयोग नहीं कर रही। खरमास के बाद बिहार में खेला होगा।’
भाजपा बिहार के विकास को बाधित कर रही
वहीं, RJD प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने कहा, ‘जाति जनगणना और बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दिए बिना बिहार की जनता का भला नहीं हो सकता। बिहार का विकास भाजपा बाधित कर रही है इसलिए नीतीश कुमार को भाजपा के साथ पर पुनर्विचार करना चाहिए।’