◆ तीन मजदूर लापता, तीन जख्मी, अस्पताल में चल रहा इलाज
तरैया, सारण।
मुंबई के कुर्ला स्थित नेहरू नगर में सोमवार की मध्य रात्रि में जमींदोज हुए चार मंजिला इमारत में तरैया के चार मजदूरों के मौत की सूचना पर पूरे क्षेत्र में माहौल गमगीन हो गया है। मलबे में 20 से 25 लोग दबे हुए है। जिसमें बिहार के छपरा जिले के 9 से 10 लोगों के मलबे में दबे होने की सूचना है। सभी लोग छपरा जिले के तरैया के रहने वाले है। जिसमें तरैया के चैनपुर खराटी गांव के 9 लोग तथा एक व्यक्ति राजवाड़ा गांव का रहने वाला है। सभी लोग मुंबई के कुर्ला में कंट्रक्शन विभाग में राजमिस्त्री व लेबर का काम करते थे। घटना की जानकारी बगल के बिल्डिंग में रह रहे लोगों ने उनके परिजनों को दिया।
परिजनों ने बताया कि मंगलवार की सुबह में उनलोगों को सूचना मिली कि मुंबई के कुर्ला स्थित नेहरू नगर में जहां उनके परिवार के सदस्य रहते है वहां चार मंजिला इमारत जमींदोज हो गया है। जिसमें 20 से 25 लोग मलबे में दबे हुए हैं। जिसमें छपरा जिले के तरैया चैनपुर खराटी गांव के 9 लोग तथा राजवाड़ा के एक व्यक्ति शामिल है। सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया है। धीरे-धीरे घटना की जानकारी ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों को हुई और भीड़ इकट्ठा होने लगी। वही परिजन वहां मौजूद लोगों से संपर्क साधने लगे। जिसके बाद जानकारी मिली कि मलबे में दबने से चैनपुर खराटी के चार लोगों की मौत हो गई है। वही दो लोग जख्मी है तथा तीन लोग चैनपुर खराटी एवं एक राजवाड़ा का व्यक्ति अभी भी लापता हैं।
जानकारी के अनुसार मलबे में दबकर चैनपुर खराटी गांव निवासी जयनारायण मांझी का 26 वर्षीय पुत्र विनोद मांझी, लखिन्दर बासफोर का 23 वर्षीय पुत्र गुड्डू बासफोर, मलिन्दर बासफोर का 30 वर्षीय पुत्र अजय बासफोर, रामाधार मांझी का 22 वर्षीय पुत्र राहुल मांझी की मृत्यु हो गई है। जबकि रामधारी मांझी का 36 वर्षीय पुत्र संजय मांझी, स्व. हजारी बसफोर का 38 वर्षीय पुत्र चैत बासफोर गंभीर रूप से जख्मी है। जिसका इलाज वहां के नजदीकी अस्पताल में चल रहा है। उनलोगों की भी स्थिति चिंताजनक बताई जाती है। वही रामाधार मांझी का 26 वर्षीय पुत्र पप्पू मांझी, 20 वर्षीय पुत्र बिरजू मांझी, तथा सुगनारायण मांझी का 32 वर्षीय पुत्र अखिलेश मांझी और राजवाड़ा गांव के केवल राम का पुत्र महेश राम अभी भी लापता है। इधर घटना के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
गांव में इतनी बड़ी घटना की सूचना पर कोहराम मच गया है। घटना को लेकर पूरे गांव का माहौल गमगीन बना हुआ है। सूचना पाकर स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि अनिल कुमार यादव, सरपंच प्रतिनिधि शत्रुघ्न महतो, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह बिक्कू मौके पर पहुचकर शोक संतप्त परिवारों को सांत्वना दिया तथा सारण डीएम से सरकारी स्तर पर मृतकों के शव को उनके गांव पहुचाने व जख्मी व्यक्तियों को हर संभव इलाज के लिए मदद करने की मांग की है। वहीं तरैया विधायक जनक सिंह पूर्व विधायक मुद्रिका प्रसाद राय घटना की सूचना के बाद दूरभाष पर शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में हर संभव मदद का भरोसा दिया।