
सारण पुलिस ने राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो के पत्र के आलोक में अवैध आर्केस्ट्रा अड्डों पर बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में छह नाबालिग लड़कियों को अश्लील गानों पर नृत्य करने के लिए मजबूर करने वाले आर्केस्ट्रा से मुक्त कराया गया है।
सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष के अनुसार, महिला थाना और एकमा पुलिस ने एकमा थाना क्षेत्र के बाजार में एक आर्केस्ट्रा अड्डे पर छापा मारा। इस दौरान नेपाल, दिल्ली, पश्चिम बंगाल और बिहार की छह नाबालिग लड़कियों को बचाया गया, जिन्हें जबरन अश्लील गानों पर नृत्य करने के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान आर्केस्ट्रा संचालक हो गया फरार
मुक्त कराई गई लड़कियों का मेडिकल कराया जाएगा और उन्हें सिवान के बालिका गृह में रखा जाएगा। इसके बाद उनके परिवार से संपर्क कर उन्हें घर वापस भेजा जाएगा।
सारण पुलिस का अभियान
मई 2024 से अब तक सारण जिले में चलाए गए अभियान के तहत 194 लड़कियों को अनैतिक देह व्यापार से मुक्त कराया गया है। इस संबंध में 24 मामले दर्ज किए गए हैं और 61 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की लगातार छापेमारी जारी है।
आवाज दो’ हेल्पलाइन
सारण पुलिस ‘आवाज दो’ अभियान चला रही है, जिसके तहत महिलाओं के शोषण के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जनता से सहयोग की अपील की गई है। यदि आप या आपके आसपास कोई महिला ऐसी समस्या का सामना कर रही है, तो हेल्पलाइन नंबर 9031600191 पर सूचना दी जा सकती है, पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी।
इस छापेमारी में महिला थानाध्यक्ष महाश्वेता वर्मा, एकमा थाना और अन्य पदाधिकारियों के साथ एएचटीयू टीम, मिशन मुक्ति फाउंडेशन, रेस्क्यू फाउंडेशन दिल्ली और नारायणी सेवा संस्थान सारण के सदस्य भी शामिल थे।
यह कार्रवाई महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में सारण पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।