![](https://i0.wp.com/chapratak.com/wp-content/uploads/2022/06/IMG-20220613-WA0047.jpg?fit=1024%2C461&ssl=1)
तरैया, सारण।
प्रखंड के तरैया मुखिया सुशीला कुमारी के आवास पर सोमवार को मुखिया संघ की बैठक संपन्न हुई। अध्यक्षता तरैया मुखिया संघ के अध्यक्ष सह भागवतपुर पंचायत के मुखिया मुकेश कुमार यादव ने किया। बैठक में प्रखंडस्तरीय जनकल्याणकारी योजनाओं व विकास कार्यो तथा ग्रामीणों की समस्या पर चर्चा हुई। समस्या के समाधान के लिए जिला के पदाधिकारियों को लिखा गया और कार्रवाई की मांग की गई। इसके लिए कई अहम निर्णय लिया गया। बैठक में अंचल कार्यालय विशेष निशाने पर रहा।
![](https://i0.wp.com/chapratak.com/wp-content/uploads/2022/06/IMG-20220613-WA0047-1-1024x461.jpg?resize=640%2C288&ssl=1)
संघ के अध्यक्ष श्री यादव ने बताया राजस्व कर्मचारियों द्वारा दाखिल खारिज के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है तथा लोगों को अनावश्यक परेशान किया जा रहा है। कर्मचारियों द्वारा लोगों से दाखिल खारिज के नाम तीन तीन हजार रुपये वसूले जा रहे हैं। इस पर तत्काल रोक लगाने के लिए वरीय पदाधिकारियों से मांग की गई है। उन्होंने बताया कि अगलगी से पीड़ित को अंचल कार्यालय द्वारा दौराया जा रहा है मुआवजा राशि उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 6 वर्षों से कबीर अंत्येष्टि का पैसा पंचायत को उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है जिससे लोगों में असंतोष पैदा हो गया है। पेंशनधारियों के जीवन प्रमाणीकरण के काम मे तेजी लाने पर विचार किया गया। तरैया रेफरल अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा नहीं होने की शिकायत सिविल सर्जन से पत्र भेजकर किया गया है तथा अल्ट्रासाउंड सुविधा शीघ्र उपलब्ध कराने की मांग मुखिया संघ ने किया। तरैया पशु अस्पताल में ना दवा की व्यवस्था है ना डॉक्टर की व्यवस्था जिससे पशुपालक काफी परेशान हैं। कृषि विभाग को भी संघ ने निशाने पर लिया।
![](https://i0.wp.com/chapratak.com/wp-content/uploads/2022/06/img-20220613-wa00461739484112392996452.jpg?resize=640%2C288&ssl=1)
अध्यक्ष श्री यादव ने कहा कि विभाग द्वारा किसी भी जन कल्याणकारी योजना की जानकारी किसी जनप्रतिनिधि को नहीं दी जा रही है। तरैया रेफरल अस्पताल का भवन जर्जर स्थिति में है। अस्पताल खुद बीमार हैं और ऐसे में रोगी अस्पताल जाने से डरने लगे हैं। इन सभी समस्याओं की शिकायत संबंधित पदाधिकारियों से की गई और इसके शीघ्र समाधान की मांग की गई है। बैठक में मुख्य रूप से मुखिया संघ के अध्यक्ष मुकेश कुमार यादव, प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि सह डुमरी मुखिया प्रतिनिधि धनवीर कुमार सिंह बिक्कू, तरैया मुखिया प्रतिनिधि शैलेन्द्र राम, चैनपुर मुखिया प्रतिनिधि अनिल कुमार यादव, पोखरेड़ा मुखिया प्रतिनिधि वीर बहादुर राय, चंचलिया मुखिया नंदकिशोर साह, हरेंद्र सहनी, दिलीप सिंह, तारकेश्वर सिंह समेत अन्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।