
आरा। भोजपुर जिले के गजराजगंज ओपी अंतर्गत सरफाफर गांव में गुरुवार को घरेलू विवाद में नशेड़ी देवर ने धारदार भुजाली (चाकू) से अपनी दो भाभियों का हाथ काट डाला। इसमें एक भाभी का दायां हाथ दो भाग में बंट गया है।

इधर, वारदात की सूचना मिलते ही गजराजगंज पुलिस ने आरोपित देवर भूपेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार को भी जब्त कर लिया है। घटना का कारण घरेलू विवाद बताया जा रहा है। सदर अस्पताल, आरा में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को पटना रेफर कर दिया गया है।

सीआरपीएफ में कार्यरत हैं महिलाओं के पति
दोनों महिलाओं के पति सीआरपीएफ में कार्यरत बताए जाते हैं। इधर, पुलिस ने बताया कि गुरुवार को करीब 11 लनाी दिन में घरेलू विवाद में सरफाफर गांव निवासी भूपेंद्र यादव ने घरेलू विवाद में अपनी भाभी रवींद्र यादव की पत्नी प्रतिभा देवी के हाथ पर भुजाली से वार कर दिया। वारदात में उनका हाथ दो टुकड़े में बंट गया।

बचाने आई महिला हो गई शिकार
प्रतिभा को बचाने आई उसकी दूसरी भाभी राघवेन्द्र यादव की पत्नी नीलू देवी पर भी भुजाली से वारकर दिया, जिससे उनका भी हाथ कट गया। उनके सिर में भी गंभीर चोटें आईं। इसके बाद घायल दोनों महिलाओं को इलाज के लिए सदर अस्पताल, आरा लाया गया। सूचना मिलते ही गजराजगंज ओपी प्रभारी हरि किशोर शर्मा के नेतृत्व में पुलिस सरफाफर गांव स्थित घर पर पहुंच मामले की जांच में जुट गई है।

आरोपित को गिरफ्तार कर चल रही पूछताछ
पुलिस ने आरोपित भूपेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपित से भी पूछताछ कर रही है। इधर, घायल महिला ने बताया कि वह जब बच्चों को नहला रही थी तभी देवर आकर झगड़ा करने लगा। इसके बाद विरोध करने पर धारदार हथियार से वार कर दिया।