
सिवान (एमएच नगर):
थाना क्षेत्र के पकड़ी गांव में रविवार की दोपहर मूर्ति विसर्जन के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रॉली पर चढ़कर डांस कर रहे 19 वर्षीय युवक की हाई टेंशन तार की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान पकड़ी निवासी श्रीराम पंडित के पुत्र अभय कुमार के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, रविवार को गांव में मां दुर्गा सहित अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा रहा था। इसी दौरान युवाओं ने आर्केस्ट्रा का आयोजन किया था। ट्रैक्टर ट्रॉली पर लगे साउंड सिस्टम के साथ युवक डांस कर रहे थे। इसी बीच अभय ट्रॉली के ऊपर चढ़ गया और नाचते समय ऊपर से गुजर रहे हाई टेंशन तार की चपेट में आ गया।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। परिजन और ग्रामीणों ने उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सदर अस्पताल सिवान रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि पकड़ी गांव में दो-तीन दिन से बिजली आपूर्ति बाधित थी। हादसे वाले समय अचानक हाई टेंशन तार में करंट प्रवाहित हो गया, जिससे यह दुर्घटना हुई।
अभय तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटा था। वह इंटर का छात्र था। परिवार में उसकी मौत के बाद कोहराम मच गया है। पिता श्रीराम पंडित अपने बीमार होने के कारण इलाज के लिए चैनपुर गए हुए थे। जैसे ही उन्हें सूचना मिली, वे बीच रास्ते से ही लौट आए।
घटना की सूचना मिलते ही एमएच नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
थानाध्यक्ष रूपेश कुमार वर्मा ने बताया कि युवक ट्रैक्टर ट्रॉली पर नाचते समय गिरा था। हालांकि ग्रामीणों के अनुसार, करंट लगने से मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
गांव में इस हादसे के बाद शोक की लहर है।