
छपरा। महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से शुक्रवार को मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना (Bihar Mukhyamantri Mahila Rojgar Yojana) का शुभारंभ किया गया।
प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पूरे बिहार की 75 लाख महिलाओं के बैंक खातों में 10-10 हजार रुपये की प्रथम किस्त की राशि सीधे ट्रांसफर की। इसमें सारण जिले की करीब दो लाख 57 हजार जीविका दीदियां शामिल रहीं।
जिला स्तर पर भव्य आयोजन
सारण जिला मुख्यालय स्थित भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन हुआ। मौके पर जिलाधिकारी अमन समीर, उपविकास आयुक्त यतेंद्र कुमार पाल, नगर आयुक्त सुनील कुमार पांडेय, अपर समाहर्ता मुकेश कुमार सहित जिले के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों जीविका दीदियाँ भी पहुंचीं और लाइव प्रसारण के जरिये प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री का संदेश सुना।
प्रखंडों तक पहुंचा लाइव प्रसारण
केवल जिला मुख्यालय ही नहीं, बल्कि सभी प्रखंड मुख्यालयों में भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। हजारों महिलाओं ने बड़े उत्साह के साथ कार्यक्रम देखा और खुशी का इजहार किया।
डीएम बोले – महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर
जिलाधिकारी अमन समीर ने संबोधन में कहा कि यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि जीविका समूह की महिलाएं पहले से ही स्वरोजगार में सक्रिय हैं, अब उन्हें अतिरिक्त आर्थिक मजबूती मिलेगी।
जीविका दीदियों में उमंग और उत्साह
योजना का लाभ मिलने के बाद जीविका समूह की महिलाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। ग्रामीण अंचलों से आई कई महिलाओं ने कहा कि इस राशि से वे बकरी पालन, सब्जी उत्पादन, हस्तशिल्प और छोटे दुकानों के काम शुरू कर सकेंगी, जिससे परिवार की आय में बढ़ोतरी होगी।
पूरे जिले में उत्सव जैसा माहौल
करीब ढाई लाख महिलाओं के खातों में राशि पहुंचने से पूरे सारण जिले में उत्सव जैसा माहौल रहा। महिलाओं ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस योजना से उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा।