
श्रद्धांजलि सभा आयोजित, जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने किया नमन…
सारण :- जिले के अमनौर प्रखंड के धरहरा गांव में पूर्व जिला पार्षद स्वर्गीय आशुतोष कुमार सिंह की दूसरी पुण्यतिथि पर एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।इस अवसर पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई।
श्रद्धांजलि सभा का आयोजन…
यह सभा उनके पुत्र ई. आदित्य सिंह (राष्ट्रीय अध्यक्ष – अखिल भारतीय हिंदू महासभा, युवा मोर्चा एवं प्रवक्ता – भाजपा युवा मोर्चा) की अध्यक्षता में हुई। इसमें स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, अधिवक्ताओं, राजनीतिक दलों के नेताओं और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
स्वर्गीय आशुतोष कुमार सिंह को किया गया याद…
सभी वक्ताओं ने स्वर्गीय आशुतोष कुमार सिंह के समाज सेवा के प्रति योगदान, उनके मिलनसार स्वभाव और जन सरोकारों से जुड़े कार्यों को याद किया। वक्ताओं ने बताया कि उनका पूरा जीवन गरीबों, पिछड़ों, किसानों और आम जनता की सेवा को समर्पित था। उन्होंने पंचायत स्तर पर विकास की मुख्य धारा को मजबूत करने के लिए हमेशा सक्रिय भूमिका निभाई।
उन्होंने क्षेत्र में आधारभूत संरचनाओं के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उनकी ईमानदारी, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा आज के जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणा है।
उनकी सरलता और जनता से सीधे जुड़ने की प्रवृत्ति ने उन्हें एक लोकप्रिय जनप्रतिनिधि बनाया। वे हर आम व्यक्ति की बात ध्यान से सुनते और तुरंत समाधान का प्रयास करते थे।
उपस्थित गणमान्य व्यक्ति
इस अवसर पर दिल्ली हाई कोर्ट के अधिवक्ता चंद्र प्रकाश तिवारी, हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष जतीन मगन, भाजपा नेता अजय शर्मा, कपिल मगो, राजेश तिवारी, रवि रंजन सिंह, प्रभात मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
न्याय की प्रतीक्षा में परिवार…
सभा में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। अंत में ई. आदित्य सिंह ने कहा कि उनके पिता का सपना था कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और विकास पहुंचे। उन्होंने युवाओं को भी समाज सेवा के लिए आगे आने की प्रेरणा दी।
गौरतलब है कि स्वर्गीय आशुतोष कुमार सिंह की निर्मम हत्या 2023 में अपराधियों द्वारा कर दी गई थी। यह मामला फिलहाल जिला एवं सत्र न्यायालय, सारण में विचाराधीन है। परिवार अभी भी न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है, और पूरे क्षेत्र में उनके जाने का शोक आज भी व्याप्त है।