
सारण मंडल कारा के पास उस समय अफरातफरी मच गई जब एक कैदी पुलिस की हिरासत से हथकड़ी सहित फरार हो गया। यह घटना तब हुई जब मांझी थाना क्षेत्र के भभौली गांव निवासी अशोक बिंद को रिविलगंज थाना से जेल ले जाया जा रहा था।
अशोक बिंद को आज कोर्ट में पेशी के बाद उसकी पत्नी ममता देवी के साथ जेल भेजने के लिए पुलिसकर्मी मंडल कारा के गेट पर पहुंचे थे तभी अशोक बिंद तेजी से भागने लगा। उसे भागते देख उसकी पत्नी ममता देवी ने भी दूसरी दिशा में भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। हालांकि, अशोक बिंद हथकड़ी सहित पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा।
अशोक बिंद और उसकी पत्नी ममता देवी को रिविलगंज थाना पुलिस ने बीते दिन 100 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया था।
कैदी की तलाश जारी
कैदी को बीच सड़क पर भागते देख लोग हैरान रह गए चौकीदार उसके पीछे दौड़ते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कैदी दरोगा राय चौक से उत्तर एक गली में घुसा और फिर रेलवे लाइन की दिशा में भागते हुए देखा गया।
घटना की सूचना मिलते ही रिविलगंज की महिला दारोगा सीमा कुमारी तुरंत मौके पर पहुंचीं और कैदी की तलाश में जुट गईं। देर शाम तक कैदी की तलाश जारी थी…