
सारण :- कोपा थाना क्षेत्र के ग्राम साधपुर बल्ली स्थित एक तालाब में सर कटी लाश मिलने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में एक अपराधी को गिरफ्तार किया गया है, जिसने पूछताछ में हत्या की बात स्वीकार की है।
घटना दिनांक 16 अगस्त 2025 की है। जब ग्रामीणों ने तालाब में एक अज्ञात व्यक्ति का सर कटा शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कोपा थाना कांड संख्या 215/25 के तहत मामला दर्ज किया।
मृतक की पहचान बाद में एक कुख्यात अपराधी के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के देवरिया जिला में हत्या के मामले में वांछित था और उस पर ₹25,000 का इनाम घोषित था।
घटनास्थल का निरीक्षण वरीय पुलिस अधीक्षक सारण, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एकमा एवं थानाध्यक्ष कोपा द्वारा किया गया। वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित कर मामले की जांच शुरू की गई।
अनुसंधान के क्रम में मिले सुरागों और आसूचना के आधार पर पुलिस ने एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान विद्यासागर यादव उर्फ बब्लू, पिता सिपाही यादव, निवासी सरहरवा, थाना दरौली, जिला सिवान के रूप में हुई है।
आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने और उसके सहयोगियों ने बदले की भावना से इस हत्या को अंजाम दिया।
मृतक का आपराधिक इतिहास:
मृतक पर उत्तर प्रदेश और बिहार में कई आपराधिक मामले दर्ज थे। वह लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस को उसकी तलाश थी।
गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक रिकॉर्ड:
गिरफ्तार अभियुक्त विद्यासागर यादव पर भी दर्जनों गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें डकैती, जबरन वसूली, हथियार और विस्फोटक अधिनियम से जुड़े अपराध शामिल हैं। उस पर सिवान जिले के दरौली, जीरादेई और मैरवा थानों में कई कांड दर्ज हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका:
इस पूरे ऑपरेशन में कोपा थाना अध्यक्ष एवं उनकी टीम की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस ने तेजी से कार्रवाई कर मामले का खुलासा किया और अभियुक्त को पकड़ने में सफलता हासिल की।
फिलहाल पुलिस अन्य संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।