
पुलिस प्रशासन विभिन्न घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिखा मुस्तैद…
सारण :- पानापुर प्रखंड के विभिन्न घाटों पर जितिया पर्व के अवसर पर श्रद्धालु महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। संतान की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर माताओं ने परंपरागत तरीके से नदी में स्नान कर व्रत की शुरुआत की।
गंडक नदी के अलावा अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के घाटों, नहरों, तालाबों और पोखरों पर भी महिलाओं ने पवित्र स्नान किया। पारंपरिक परिधान में सजी महिलाएं सिर पर पूजन सामग्री लिए श्रद्धाभाव के साथ घाटों की ओर जाती देखी गईं। घाटों पर सुबह से ही धार्मिक वातावरण बना रहा।
विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आया। थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात किया गया, जिससे स्नान करने आई महिलाओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जितिया व्रत, जिसे जीवितपुत्रिका व्रत भी कहा जाता है, खासकर बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश की महिलाओं द्वारा संतान की दीर्घायु के लिए रखा जाता है। यह निर्जला व्रत अत्यंत कठिन होता है, जिसमें महिलाएं बिना जल ग्रहण किए उपवास करती हैं और अगले दिन पारण करती हैं।
स्थानीय महिलाओं ने बताया कि यह पर्व केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि मातृत्व का प्रतीक और संतान के लिए आशीर्वाद है।