
विधानसभा चुनाव 2020 में बुरे प्रदर्शन के बाद जनता दल यूनाइटेड लगातार बदलाव के दौर से गुजर रहा है। ललन सिंह ने जब पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते ही कई बदलाव किए, प्रदेश पदाधिकारियों की नई टीम की घोषणा भी हुई थी। लेकिन उसमें कई नेताओं को एडजस्ट नहीं किया जा सका था। जेडीयू के प्रदेश नेतृत्व में छूटे हुए नेताओं को पदाधिकारियों की लिस्ट में शामिल किया है। पहले से बनी हुई पदाधिकारियों की लिस्ट में कई नाम जोड़े गए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने 6 प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किए हैं। इसके अलावा पार्टी ने 24 प्रदेश महासचिव बनाए हैं और 26 प्रदेश सचिव भी नियुक्त किए गए हैं। इनमें विधान पार्षद राधाचरण शाह के अलावा पूर्व मंत्री मुनेश्वर चौधरी और पार्टी के पुराने नेता निहोरा प्रसाद यादव भी शामिल हैं।
पूर्व विधायक महेश्वर यादव और विक्रम कुमार को भी प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। प्रदेश महासचिव की लिस्ट में विधान पार्षद रीना यादव के साथ-साथ पूर्व विधायक वशिष्ठ सिंह और हेम नारायण शाह शामिल हैं। पूर्व विधायक प्रदीप सिंह को भी प्रदेश महासचिव बनाया गया है।
वहीं कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे सदानंद सिंह के बेटे शुभानंद मुकेश को भी प्रदेश महासचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा लोक प्रकाश सिंह और अन्य नेताओं को भी प्रदेश महासचिव बनाया गया है। प्रदेश सचिव के लिस्ट में कई ऐसे नेताओं को एडजस्ट किया गया है। जो फिलहाल संगठन में किसी पद पर नहीं थे। इनमें नंदकिशोर कुशवाहा, अंजुम आरा, राजू गुप्ता, डॉक्टर सुनील कुमार सिंह, सुशील उपाध्याय शामिल हैं।


