
यूं तो शराबबंदी है। लेकिन जिनके ऊपर शराबबंदी कानून लागू करने की जिम्मेदारी हो अगर वो ही शराब पार्टी में शामिल हो जाए तो सोचिए क्या होगा? बिहार पुलिस के एक दारोगा के घर हो रही शराब पार्टी में जब पुलिस ने रेड डाली तो हड़कंप मच गया।
छपरा जिले में जनता बाजार थाने से महज कुछ कदमों की दूरी पर एक निजी मकान में नर्तकियों संग शराब पार्टी का आयोजन शनिवार को किया गया। आयोजन जनता बाजार थाने के एक दरोगा ने किया। शराब पार्टी के आयोजन को ले अगल बगल के लोग परेशान थे।
जिसके बाद किसी ने पुलिस मुख्यालय को शराब और डांस पार्टी की जानकारी दी। सूचना के बाद एकमा एसडीपीओ ने शनिवार की रात पुलिस के साथ दरोगा के आवास पर छापा मार दिया। छापेमारी के समय दरोगा फरार हो गया। आर्केस्ट्रा से बुलायी गयी डांसर भी मकान के पिछले दरवाजे से भाग निकली। पुलिस ने मौके से तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार तीनों लोग रोहतास जिले के बताये गये हैं। इनमें से दो के शराब पीने की पुष्टि हुई है। जनता बाजार थानाध्यक्ष टुनटुन कुमार की मानें तो शराब और डांस पार्टी से फरार दारोगा अरविंद कुमार बताया गया है।
दरोगा का अश्लील ऑडियो वायरल
सोशल मीडिया पर जनता बाजार थाने के फरार दारोगा अरविंद कुमार का नर्तकियों के साथ बातचीत का अश्लील ऑडियो वायरल हुआ है। हालांकि, लाइव हिन्दुस्तान इस अश्लील ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस रिकार्ड के अनुसार जनता बाजार थाने में दारोगा अरविंद कुमार करीब तीन वर्षो से पदस्थापित है। वह थाने से महज कुछ ही दूरी पर किराये के एक मकान में रहता था।