
सारण :- जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में अवैध शराब के खिलाफ चलाए गए संयुक्त अभियान में एएलटीएफ और स्थानीय पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस अभियान के दौरान दो शराब धंधेबाजों समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में सतजोड़ा गांव के धर्मेंद्र राम और रवींद्र महतो, मड़वा बसहियां गांव के राजेश नट, बसहियां गांव के अर्जुन सिंह, सलेमपुर के राजेश राय, भोरहा के मनोज भगत और कोंध गांव के ब्रजेश भगत को गिरफ्तार किया गया।
पानापुर थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी आरोपितों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।