
● बिहार के मौजूदा राजनीतिक हालात में सभी दल सिर्फ और सिर्फ सत्ता के भूखे हैं- अभिमन्यु कुमार सिंह ‘मनीष’
तरैया, सारण।
हिंदू महासभा के टिकट पर तरैया विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके चर्चित फायर ब्रांड हिंदूवादी नेता अभिमन्यु कुमार सिंह ‘मनीष’ लोजपा (रामविलास) में शामिल हो गए। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व जमुई से सांसद चिराग पासवान तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता व संगठन मंत्री रविंद्र सिंह ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। लोजपा ज्वाइन करने के बाद अभिमन्यु कुमार सिंह मनीष ने कहा कि बिहार के मौजूदा राजनीतिक हालात में सभी दल सिर्फ और सिर्फ सत्ता के भूखे हैं। जबकि लोजपा (रामविलास) बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट के नारे के साथ पॉजिटिव पॉलिटिक्स की शुरुआत कर रही है। वे लंबे वक्त से राजनीति में हैं तथा जमीनी स्तर पर कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि पार्टी की नीतियों और चिराग पासवान में बिहार का भविष्य देख कर के वे पार्टी में शामिल हुए हैं। पार्टी उन्हें जो भी जिम्मेदारी देगी उसका वे स्वागत करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि पूरे सारण प्रमंडल के युवाओं को पार्टी से जोड़ा जाएगा। युवाओं की टीम बनाई जाएगी तथा पूरे जोश खरोश के साथ बिहार में परिवर्तन की एक बड़ी लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि उनके लोजपा में शामिल होने के बाद तरैया विधानसभा क्षेत्र के हजारों कार्यकर्ता भी उनके टीम में शामिल हो गए हैं। बिहार के विकास के लिए गांव से लेकर पटना तक लड़ाई लड़ने के लिए वे तैयार हैं।

उन्होंने अपने आवास पर पत्रकारों से कहा कि बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट के नारे के साथ सदस्यता अभियान सारण जिला के सभी प्रखंडों में चलाया जाएगा। साथ में सभी प्रखंडों में पदाधिकारी एवं संगठन को मजबूत करने का कार्य जल्द पूरा किया जाएगा। पार्टी जो पद और जिम्मेदारी देगी उसको युद्ध स्तर पर पूरा करने का प्रयास करूंगा एक नए संकल्प और विकल्प के साथ ‘चिराग है तो भरोसा है’ नारे के साथ जन जन तक हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की बातों और नव बिहार को लेकर जो सोच है उसको पहुंचाऊंगा।

एक प्रश्न के जवाब में उन्होंने कहा कि सूबे के मुखिया नीतीश कुमार ने 17 साल आरजेडी के भय को लोगों में दिखाकर राज और जनता को गुमराह किया। लोगों को मूर्ख बनाते रहे। झूठ और फरेब के ऊपर साथ हासिल करते रहे और अपनी कुर्सी बचाने के लिए उन्हीं लोगों से हाथ मिलाया जिनको कोसते और जंगलराज का नाम देते रहे। यह भी बिहार के इतिहास में काले अक्षरों में लिखा जाएगा कि नीतीश जी ने मुख्यमंत्री पद से मुख्यमंत्री बनने के लिए इस्तीफा देकर जनता के भावनाओं के साथ छल किया। आने वाले समय में जनता इनको कभी माफ नहीं करेगी। लोजपा (रामविलास) ज्वाइन करने पर अभिमन्यु कुमार सिंह मनीष को लोगों एवं कार्यकर्ताओं ने बधाई दिया है। बधाई देने वालों में विजय पासवान, मंटू सिंह, तूफानी सिंह, भूषण सिंह, मंटू गिरी, सोनू ठाकुर, सुरेंद्र शर्मा, यशवीर पटेल, पप्पू सिंह, नंदकिशोर यादव सहित सैकड़ों लोगों का नाम शामिल है।