
सारण :- जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के कोंध मथुराधाम के समीप सारण तटबंध पर गुरुवार की शाम बाइक के टक्कर से ननिहाल आई एक बच्ची की मौत हो गई।
मृत बच्ची की पहचान मशरक थाना क्षेत्र के अरना गांव निवासी अरुण कुमार सिंह की सात वर्षीया पुत्री रूही कुमारी बताई जाती है। जो अपने नाना कोंध नया टोला निवासी देवेंद्र कुमार सिंह के घर आई थी।
घटना के संबंध में बताया जाता है कि गुरुवार की शाम मृतका अपनी मां एवं अन्य युवतियों के साथ गंडक नदी के किनारे स्थित मथुराधाम घाट घूमने जा रही थी। इसी दौरान सारण तटबंध पर एक अनियंत्रित बाइक चालक ने उसे टक्कर मार दिया जिससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन गंभीर रूप से घायल बच्ची को इलाज के लिए ले जाते तबतक उसकी मौत हो गई।
मृत बच्ची बुधवार को ही ननिहाल आई थी।
वही इस घटना में बाइक चालक भी घायल हो गया जिसका इलाज चल रहा है। बाइक चालक इसी गांव का एक युवक बताया जाता है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुँची एवं बाइक को जब्त कर लिया एवं शुक्रवार की सुबह मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेजवाया।