
नवादा। राजद महिला प्रकोष्ठ की सदस्याओं ने रविवार को पूर्व मंत्री राजबल्लभ प्रसाद द्वारा राजद नेता तेजस्वी यादव की पत्नी पर की गई अमर्यादित टिप्पणी के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नवादा सदभावना चौक के समीप पूर्व मंत्री का पुतला फूँककर आक्रोश जताया और जमकर नारेबाजी की।
राजद महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष रेणु सिंह के नेतृत्व में महिलाओं ने जिला कार्यालय से जुलूस निकाला। हाथों में पार्टी का झंडा, झाड़ू और तख्तियाँ लेकर कार्यकर्ता विरोध जताते हुए सदभावना चौक पहुंचे। वहां महिलाओं ने “नारी का अपमान, नहीं सहेगा हिन्दुस्तान” समेत कई नारे लगाए।
जिलाध्यक्ष रेणु सिंह ने कहा कि पूर्व मंत्री राजबल्लभ प्रसाद ने तेजस्वी यादव की पत्नी राजश्री को “जर्सी गाय” कहकर न केवल उनका, बल्कि पूरे महिला समाज का अपमान किया है। इसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि राजद महिला प्रकोष्ठ पूर्व मंत्री के खिलाफ आंदोलन को और तेज करेगी।
रेणु सिंह ने कहा कि राजबल्लभ प्रसाद खुद दुष्कर्म के आरोप में जेल की सजा काट चुके हैं और उनकी करतूतों से पूरा बिहार परिचित है। अब जेल से बाहर आने के बाद वे अमर्यादित बयानबाजी कर रहे हैं, जिससे साफ है कि उनकी राजनीति समाप्त हो चुकी है।
उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में नवादा की जनता उन्हें करारा जवाब देगी। प्रदर्शन में पूर्व जिला पार्षद प्रेमा चौधरी, पूर्व जिप अध्यक्ष नीलम पासवान समेत बड़ी संख्या में महिला कार्यकर्ता शामिल रहीं।