
सारण डेस्क :- वैशाली में भीषण सड़क हादसा हुआ है। इसमें महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं करीब 15 लोगों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना सारण थाना अंतर्गत नयागांव के बाजितपुर फोरलेन के पास हुआ। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। फोनलेने पर लोगों की भीड़ लग गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सोनपुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां डॉक्टरों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप वाहन में बड़ी संख्या में लोग सवार थे और वह मक्का को भूनवाने के लिए हाजीपुर जा रहे थे।
बाजितपुर के पास अचानक पिकअप का एक चक्का ब्लास्ट कर गया, जिससे वाहन असंतुलित होकर पलट गया। पलभर में चीख-पुकार मच गई और सड़क पर कोहराम की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय समाजसेवी वरुण कुमार सिंह ने मानवीय पहल करते हुए अपने निजी वाहन से कई घायलों को सोनपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया। पुलिस की मदद से भी अन्य घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि घटनास्थल पर मक्का के बोरे और इंसानी चीखें एक साथ बिखरे पड़े थे। स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में राहत और बचाव कार्य में जुटे।
प्रशासन ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था की जा रही है। फिलहाल, मृतकों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।
यह दुर्घटना तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग जैसे खतरों की एक और चेतावनी है, जिसमें एक छोटी सी चूक ने चार परिवारों की जिंदगी छीन ली और कई को जीवनभर का दर्द दे दिया।

पिकअप पलटने से घायल सुरेन पासवान के पुत्र बादल कुमार, राज कुमार पंडित की 48 वर्षीय पत्नी अंजू देवी, राजू बैठ के 50 वर्षीय पत्नी राधिका देवी, सरवन राम के 23 वर्षीय पुत्र सोनू कुमार, पंचूराम के 15 वर्षीय पुत्री राजलक्ष्मी कुमारी, रामबाबू राम के 7 वर्षीय पुत्र शिवम कुमार सभी को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर लाया गया।
डॉक्टर ने जांच के बाद बादल कुमार को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायल को पीएमसीएच रेफर कर दिया।