तरैया, सारण।
तरैया थाना क्षेत्र के डुमरी छपिया गांव निवासी बबलू सिंह की पत्नी गुड़िया देवी को उसकी सास एवं गोतनी द्वारा गला दबाकर हत्या करने का असफल प्रयास किया गया है। इस संबंध में गुड़िया देवी ने तरैया थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है। आरोप है की 4 फरवरी 2015 को उसकी शादी उक्त गांव निवासी धनेश सिंह के पुत्र बबलू सिंह से हुई थी। उसे एक सात साल का लड़का आयुष भी है। पति का बाहर में किसी महिला से अवैध संबंध है। जिस कारण उसके पति बबलू सिंह का अपने पत्नी से नहीं बनता है। गुड़िया देवी आगे आरोप लगाई है कि उसके पति बबलू सिंह, ससुर धनेश सिंह, सास रेनू देवी, भैसुर अरविंद सिंह, गोतनी प्रीति देवी सब मिलकर दहेज की मांग कर उसे तरह-तरह से प्रताड़ित कर रहे थे। जिसके बाद 2020 में कांड संख्या 6/ 20 दर्ज कराई है। इस बीच छल कपट करके उसके साथ समझौता का दिखावा किया गया। सभी लोग जमानत करा लिए जिसमें पति बबलू सिंह का औपबंधिक जमानत माननीय उच्च न्यायालय से हुआ है। जिसकी समय अवधि भी समाप्त हो चुकी है। इधर 3 सितंबर 22 को एक बजे रात्रि में उसकी सास रेनू देवी उसके कमरे में घुसकर मारपीट करने लगी और हत्या करने की नियत से गर्दन दबाने लगी। तभी उनका बेटा चिल्लाया और अगल-बगल के लोग जुट गए। उसी समय तरैया पुलिस को भी खबर किया गया। पुलिस रात्रि में ही गुड़िया देवी को बचा कर थाने ले आई और अस्पताल में इलाज करवाई। इसके बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज हेतु सदर अस्पताल छपरा भेज दिया। वहां पर भी कुछ जांच और इलाज हुए। गुड़िया देवी कहती है कि उसके पति, ससुर और भसुर कोलकाता से धमकी देते रहते हैं कि केस उठा लो और तलाक ले लो। नहीं तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। आज की घटना उन्हीं लोगों के कहने पर हुई है। उसकी सास एवं गोतनी मिलकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया है। गुड़िया अपने पति पर बाहर में किसी महिला के साथ नाजायज संबंध होने का आरोप लगाई है तथा आरोपियों द्वारा अपने और अपने पुत्र की हत्या करवाने का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में तरैया थाना पुलिस कांड संख्या 319/ 22 दर्ज कर मामले की जांच में जुट गई है।