
सारण (गड़खा)। गड़खा थाना क्षेत्र के फुर्सतपुर चंवर स्थित पोखर में मंगलवार को नहाने गए चार मासूम बच्चों की डूबकर मौत हो गई। यह हादसा मकिनपुर पंचायत के मरिचा ठिकहा गांव का है। चारों बच्चे एक ही परिवार से जुड़े थे। घटना की सूचना मिलते ही पूरे गांव में कोहराम मच गया। खुशियों भरा गांव पलक झपकते ही मातम में बदल गया।
कैसे हुआ हादसा
मंगलवार की दोपहर चारों बच्चे नहाने के लिए पोखर की ओर गए थे। खेल-खेल में वे धीरे-धीरे गहराई की ओर बढ़े और देखते ही देखते डूबने लगे। एक को बचाने के प्रयास में बाकी भी गहराई में चले गए और चारों मासूमों की जिंदगी उसी पोखर में थम गई।
शव निकालने में घंटों मशक्कत
घटना की सूचना मिलते ही गड़खा थानाध्यक्ष शशि रंजन कुमार, सीओ नीली यादव पुलिस बल और गोताखोरों के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद चारों शवों को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर शवों को सदर अस्पताल भेज दिया।
मृत बच्चों की पहचान
आशिष कुमार (14 वर्ष) – पिता दरोगा सिंह
मुन्ना कुमार (11 वर्ष) – पिता मंशी लाल सिंह
अंकुश कुमार (11 वर्ष)
कृष्णा उर्फ करिमन कुमार (13 वर्ष) – पिता मैनेजर सिंह
चारों बच्चे आपस में करीबी रिश्तेदार थे और हमेशा साथ खेलते-कूदते नजर आते थे।
गांव में मातमी माहौल
जैसे ही शव बाहर आए, गांव का माहौल करुण क्रंदन से गूंज उठा। स्वजन अपने लालों को खोने के गम में बार-बार बेहोश हो रहे थे। पूरे गांव की आंखें नम थीं। हर कोई परिवार को ढांढस बंधाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन किसी के पास शब्द नहीं थे।
ग्रामीणों ने जताई चिंता
स्थानीय लोगों ने कहा कि पोखर की गहराई और किनारों पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। यह बच्चों के लिए हमेशा खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि पोखर की चारदीवारी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाएं न हों।