
सारण :- जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में दहेज में बुलेट बाइक के लिए ससुरालवालों के द्वारा अपने सगे संबंधियों के साथ मिलकर एक विवाहिता की हत्या कर देने का मामला प्रकाश में आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतिका की पहचान सूरज कुमार सिंह की पत्नी 24 वर्षीय अंतिमा कुमारी बताई जाती है।
घटना के संबंध में मृतिका के पिता सिवान जिले के दरौंदा थाना क्षेत्र के जलालपुर बाबूलाल सिंह के टोला निवासी मनोज कुमार सिंह ने पानापुर थाने में आवेदन देकर मृतिका के पति सूरज कुमार सिंह, देवर पवन कुमार सिंह, सास बबीता देवी, ससुर जयशंकर सिंह के अलावे अमनौर थाना क्षेत्र के जगदीश विशुनपुरा निवासी सूरज के नाना दामोदर सिंह, नानी सोना देवी एवं अपने ही गांव जलालपुर के पिंकी देवी को नामजद किया है।
पुलिस को दिए गए आवेदन में उन्होंने कहा है कि मैंने अपनी पुत्री की शादी 2018 में की थी। ससुरालवालों द्वारा शादी के बाद से ही दहेज में बुलेट बाइक के लिए हमेशा मेरी पुत्री को प्रताड़ित किया जाता था। सोमवार की रात सभी ने मिलकर मेरी पुत्री की हत्या कर दी।
वही मृतका के ससुरालवालों का कहना है कि पति पत्नी के बीच मामूली विवाद के बाद जब सभी लोग छत पर सोने चले गए इसी दौरान मृतिका ने कीटनाशक का दवा खा लिया। जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंची स्थानीय थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजवाया। घटना के संबंध में थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।