
◆ ससुराल पक्ष के सात नामजद समेत अन्य अज्ञात व्यक्तियों पर प्राथमिकी दर्ज
तरैया, सारण।
थाना क्षेत्र के सरेया रत्नाकर गांव में दहेज के लिए एक नवविवाहिता की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य शव को गायब कर देने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में विवाहिता की मां अमनौर थाना क्षेत्र के विशम्भर छपरा गांव निवासी चंदेश्वर राम की पत्नी लाखो देवी ने तरैया थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें राजन राम, सीता देवी, कविता देवी, रंजय राम, ललिता देवी उर्फ उमरावती देवी, किशन राम, रवि राम समेत कुछ अन्य अज्ञात व्यक्तियों को नामजद किया है। पीड़िता का कहना है कि गत 18 जून 2021 को सरेया रत्नाकर निवासी हजारी राम के पुत्र राजन राम के साथ उनकी पुत्री पूजा कुमारी के साथ हुई थी। बुधवार की रात्रि में मोबाइल पर सूचना मिली की ससुराल वाले ने मिलकर उनकी पुत्री की हत्या कर दी है। सूचना के बाद जैसे ही वे लोग सरेया रत्नाकर गांव पहुंचे तो देखे कि उनकी पुत्री का लाश पड़ा हुआ है, जिसके पेट में 6 माह का बच्चा भी है। तभी वहां बस्ती के लोग उनलोगों को लाठी डंडा से मारने लगे। वे लोग रात्रि में किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे। पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि दहेज के लिए ससुराल वालों ने मिलकर उनकी अपनी पुत्री की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य शव को कहीं गायब कर दिया है। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच में जुट गई है।