
सिवान :- जिले के रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के संठी गांव में सोमवार की अपराह्न बदमाशों ने एक बार फिर दहशत फैला दी। बाइक पर घर लौट रहे मनोज कुमार सिंह पर दो बाइकों से आए चार अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। तीन गोलियां लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद घायल मनोज कुमार सिंह ने हिम्मत दिखाते हुए अपने मोबाइल से परिजनों को सूचना दी। परिजन तुरंत उन्हें रघुनाथपुर स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से डॉक्टरों ने सिवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालत बिगड़ने पर देर रात उन्हें पटना आईजीआईएमएस भेजा गया।
मनोज कुमार सिंह राजद के वरिष्ठ नेता व पूर्व जिला पार्षद अनिल सिंह के छोटे भाई हैं। वे हाल के दिनों में भाजपा और जदयू के कार्यक्रमों में भी सक्रिय दिखे थे। सामाजिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाले मनोज महाराणा प्रताप सिंह फाउंडेशन से भी जुड़े हुए हैं।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घायल के फर्द बयान पर पुलिस ने कुछ संदिग्धों के नाम सामने आने की पुष्टि की है। इसके बाद से एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। हालांकि घटना के 24 घंटे से अधिक बीतने के बाद भी अपराधी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं।
थाना प्रभारी विजय कुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस इस मामले की जांच वर्चस्व की लड़ाई और जमीन विवाद दोनों एंगल से कर रही है। उन्होंने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई जगह दबिश दी जा रही है।
दक्षिण सिवान फिर से अशांत
दक्षिण सिवान का इलाका लंबे समय से वर्चस्व की लड़ाई और गैंगवार के लिए सुर्खियों में रहा है। अब संठी गोलीकांड ने एक बार फिर इलाके में तनाव और भय का माहौल पैदा कर दिया है।
राजद नेता अनिल सिंह ने प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में शांति बहाल करने की मांग की है।