
सारण :- पानापुर प्रखंड मुख्यालय स्थित तुर्की ब्रह्मस्थान के प्रांगण में इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व अत्यंत श्रद्धा एवं भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। इस अवसर पर शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने भाग लिया।
रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे भक्तों की यह यात्रा ब्रह्मस्थान प्रांगण से आरंभ होकर महम्मदपुर, भोरहां सहित कई गांवों से होती हुई गंडक नदी के सारंगपुर डाकबंगला के पास पहुंची। वहां वैदिक आचार्यों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच कलशों में जल भरा गया। जय श्रीराम के नारों और भक्ति गीतों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
शनिवार को कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर अखंड अष्टयाम का विधिवत शुभारंभ हुआ। इसके लिए ब्रह्मस्थान परिसर को भव्य रूप से सजाया गया है। साथ ही, राधा-कृष्ण एवं राम-सीता की मनमोहक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं, जो भक्तों के आकर्षण और आस्था का केंद्र बनी हुई हैं।
पर्व को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए ब्रह्मस्थान पहुंच रहे हैं। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है।