
सारण पानापुर प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय भोरहा में एक भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन विद्यालय परिवार की ओर से विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक नवल किशोर राय के स्थानांतरण पर उनके सम्मान में किया गया। समारोह में श्री राय को अंगवस्त्र, कलम एवं डायरी भेंट कर सम्मानित किया गया।
ज्ञात हो कि वर्ष 2003 में पंचायत शिक्षक के रूप में नियुक्त श्री राय वर्तमान में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक के रूप में कार्यरत थे। अब उनका स्थानांतरण प्रधान शिक्षक के पद पर प्राथमिक विद्यालय चिमनपुरा में किया गया है।
विदाई समारोह में उपस्थित जिलापार्षद रत्नेश कुमार भाष्कर ने कहा कि श्री राय ने विद्यालय के शैक्षणिक और भौतिक विकास के लिए जो प्रयास किए हैं, वे सराहनीय हैं। उनके योगदान को विद्यालय के छात्र, अभिभावक एवं स्थानीय जनता हमेशा याद रखेगी।
वहीं, पूर्व मुखिया एवं माले नेता सभापति राय ने कहा कि विद्यालय को उच्च माध्यमिक स्तर तक अपग्रेड कराने तथा भवन निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने में श्री राय की भूमिका महत्वपूर्ण रही। उनकी पहल और दूरदृष्टि के कारण ही आज विद्यालय निरंतर प्रगति कर रहा है।
समारोह की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्या कुमारी गीतांजलि ने की।
कार्यक्रम में परिवर्तनकारी प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार सिंह, उत्क्रमित मध्य विद्यालय भोरहा का भुतपूर्व प्रधानाध्यापक उपेन्द्र कुमार श्रीवास्तव ऊर्फ अंनु लाल, विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापिका आरती देवी, प्रधान शिक्षक सुरेश कुमार यादव, कवींद्र रेणु, रमेश कुमार सिंह, कांता राम, अनिल कुमार यादव, कौशल किशोर सिंह सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।