
छपरा— सारण की राजनीति में एक नई ऊर्जा और नेतृत्व के प्रतीक बनकर उभरे हैं रवि प्रताप राठौर उर्फ़ रोबिन सिंह, जिन्हें लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने सारण ज़िले का ज़िलाध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व विधायक राजू तिवारी ने औपचारिक पत्र जारी कर इस अहम नियुक्ति की घोषणा की। यह घोषणा पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच नई उम्मीदों की किरण बनकर आई है।

राजनीति में सक्रिय और ज़मीनी नेता
नवाजी टोला, छपरा निवासी रोबिन सिंह पिछले कई वर्षों से पार्टी में एक समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते हैं। संगठन के सभी स्तरों पर उनकी पकड़ और जमीनी कार्यकर्ताओं से मजबूत संवाद को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण ज़िम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी ने उनके राजनीतिक परिपक्वता, जनसंपर्क, और युवा संवाद की क्षमता को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है।
पार्टी के प्रति समर्पण का मिला पुरस्कार
लोजपा (रामविलास) की ओर से जारी पत्र में प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी ने उल्लेख किया,”रवि प्रताप सिंह को पार्टी के प्रति समर्पित कार्य को देखते हुए सारण ज़िला अध्यक्ष के पद पर मनोनीत किया जाता है। हमें विश्वास है कि वे संगठन को और अधिक सशक्त बनाएंगे।”

जिम्मेदारी और जवाबदेही के लिए प्रतिबद्ध: रोबिन सिंह
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए रोबिन सिंह ने कहा: “यह मेरे लिए गर्व और जिम्मेदारी का क्षण है। पार्टी ने जो विश्वास मुझ पर जताया है, मैं उसे सम्मान में बदलूंगा। संगठन को बूथ स्तर तक मज़बूत करना, युवाओं को जोड़ना और कार्यकर्ताओं की भागीदारी को बढ़ाना मेरी प्राथमिकता रहेगी।”
उन्होंने विशेष रूप से सांसद अरुण भारती, प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी, लोजपा नेता अयूब खान, रईस खान, सैफ खान सहित सभी वरिष्ठ नेताओं का आभार जताया, जिन्होंने उन्हें समर्थन और मार्गदर्शन दिया।

सारण में लोजपा को मिलेगा नया संबल
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि रवि प्रताप राठौर की यह नियुक्ति केवल संगठनात्मक बदलाव नहीं है, बल्कि आगामी चुनावों के दृष्टिकोण से यह एक रणनीतिक कदम है। उनकी छवि एक स्वच्छ, ऊर्जावान और जनसंपर्क में दक्ष नेता की रही है, जो पार्टी को न केवल युवाओं के बीच लोकप्रिय बना सकते हैं बल्कि नए सामाजिक समीकरणों को भी आकार दे सकते हैं।
विशेषज्ञों का यह भी मानना है कि सारण जैसे राजनीतिक रूप से संवेदनशील और प्रभावशाली ज़िले में लोजपा (रामविलास) अब पहले से अधिक सक्रिय और धारदार रणनीति के साथ उभरेगी।