
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इफ्तार पार्टी से पहले सियासी बखेड़ा खड़ा हो गया है। वक्फ संशोधन बिल को लेकर मुस्लिम धार्मिक संगठनों के इस इफ्तार पार्टी से दूरी बनाए रखने का एक लेटर चर्चा में है।
बीजेपी और जदयू ने सीएम का बचाव किया है तो राजद सोशल मीडिया पर लेटर डाल कर रायता फैला रही है। इस विवाद में लोजपा रामविलास के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मोदी सरकार के खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान ने एंट्री ले ली है। उन्होंने इसके लिए आरजेडी पर निशाना साधा। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
पटना में पत्रकारों ने चिराग पासवान ने इस मसले पर सवाल पूछा। जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि खुद को मुसलमानों का हिमायती बताने वाले राष्ट्रीय जनता दल के नेताओं से यह पूछा जाना चाहिए कि उन्होंने मुसलमानों के लिए क्या क्या है। चिराग पासवान ने कहा कि मुस्लिम समाज चाहे नीतीश कुमार की इफ्तार पार्टी में नहीं जाएं, चंद्र बाबू नायडू की पार्टी में नहीं जाएं। लेकिन जो लोग राजद के इफ्तार में जा रहे हैं वे बताएं कि इस पार्टी ने मुस्लिम समाज की भलाई के लिए क्या किया है अबतक। इन लोगों से भी सवाल जवाब किया जाना चाहिए कि जो लोग मुसलमानों का सो कॉल्ड ठेकेदार बनते हैं उन्होंने इस समाज के हितों के लिए क्या किया।