
सारण :- जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव में नवविवाहिता की रहस्यमय मौत के मामले में मृतका के पिता ने दहेज के लिए अपनी पुत्री की हत्या करने की प्राथमिकी दर्ज कराई है।
इस मामले को लेकर मृतका के पिता साहेबगंज थानांतर्गत सेमरा निजामत गांव निवासी महेश सिंह ने मृतका के पति दीपक सिंह , सास किरण देवी , निरंजन सिंह , संतोष सिंह , पप्पू सिंह सहित अन्य को नामजद किया है।
दर्ज प्राथमिकी में उन्होंने कहा है कि शादी के समय मैंने दहेज में तीन लाख रुपए एवं बाइक दी थी शादी के बाद ससुरालवालों के द्वारा दहेज में और रुपए एवं 20 ग्राम के सोने की चेन की मांग की जा रही थी एवं इसी कारण मेरी पुत्री काजल को प्रताड़ित किया जाता था।
उन्होंने अपने दामाद दीपक सिंह पर संगीन आरोप लगाया है कि वह मेरी बेटी को अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डालता था। थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।