तरैया अंचल में नवनियुक्त पांच राजस्व कर्मचारियों ने किया योगदान
◆ तरैया अंचल के राजस्व कार्यों में आएगी तेजी- सीओ
तरैया, सारण।
प्रखंड के अंचल कार्यालय तरैया में नवनियुक्त पांच राजस्व कर्मचारियों ने गुरुवार को योगदान दिया। जिला स्थापना के राजस्व शाखा के पत्रांक-1045/03.09.2022 द्वारा निर्गत पत्र के आलोक में तरैया अंचल में पांच नए राजस्व कर्मचारियों ने योगदान किया हैं। नवनियुक्त राजस्व कर्मचारियों में सूरज कुमार, रोहित कुमार, राकेश कुमार, अमित कुमार, गगन कुमार ने तरैया अंचल में अपना योगदान दिया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए तरैया अंचलाधिकारी अंकु गुप्ता ने बताया कि जिला स्थापना कार्यालय के राजस्व शाखा द्वारा नवनियुक्त पांच राजस्व कर्मचारियों ने अपना योगदान दिया है। इनके योगदान के पश्चात अब इन्हें राजस्व ग्राम व हल्का की जिम्मेदारी दी जाएगी। उनसे राजस्व संबंधित सभी कार्यों का निपटारा कराया जाएगा ताकि राजस्व कार्य में तेजी आ सके। बता दे कि तरैया अंचल में पूर्व से मात्र तीन ही राजस्व कर्मचारी कार्यरत हैं। जिनमें एक राजस्व कर्मचारी के जिम्मे तीन से चार हल्का चल रहा था। वह भी जिनमें एक राजस्व कर्मचारी रिटायरमेंट के बाद यही अनुबंध पर कार्यरत हैं। जिससे जमीनी संबंधित काम काफी धीमी गति से हो रही थी। अब आशा है कि नवनियुक्त राजस्व कर्मचारियों के योगदान के बाद जमीन सम्बंधित कार्यों में तेजी आएगी और लोगों के कार्यों का ससमय निष्पादन हो सकेगा।