
सारण :- अखिल भारतीय हिंदू महासभा (युवा मोर्चा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और भाजपा (युवा मोर्चा) के प्रवक्ता ई. आदित्य सिंह ने नई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की।
इस मुलाकात के दौरान, ई. आदित्य सिंह ने राजनाथ सिंह को उनके जन्मदिन की बधाई दी और बिहार के सारण जिले में एक सैनिक स्कूल स्थापित करने के लिए एक लिखित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि सारण जिला ऐतिहासिक, शैक्षिक और सामाजिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र है, जहां देशभक्ति की भावना मजबूत है। ई. आदित्य सिंह ने तर्क दिया कि अगर सारण में सैनिक स्कूल बनता है, तो यह न केवल स्थानीय युवाओं को सेना में शामिल होने के लिए प्रशिक्षित करेगा, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।
ई. आदित्य सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों के युवाओं को सही मार्गदर्शन और संसाधन मिलने पर वे देश की रक्षा सेवाओं में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि सैनिक स्कूल जैसी संस्थाएं युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व और सेवा की भावना विकसित करती हैं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस मांग पर गंभीरता से विचार करने और संबंधित अधिकारियों के साथ चर्चा के बाद उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया।
गौरतलब है कि आदित्य सिंह, सारण जिले के अमनौर प्रखंड स्थित धरहरा कला गांव के निवासी हैं और पूर्व जिला पार्षद स्वर्गीय आशुतोष कुमार सिंह के बेटे हैं।