
छपरा, सारण
जिलाधिकारी सारण अमन समीर के अध्यक्षता में शुक्रवार को आंतरिक संसाधन से संबंधित बैठक आहूत की गयी। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सरकार के राजस्व में बढ़ोतरी हेतु सभी संभव प्रयास करने को कहा।
जिला परिवहन पदाधिकारी सारण के द्वारा जानकारी दी गयी कि उनके विभाग का वार्षिक लक्ष्य 66 करोड़ रखा गया है। इसके एवज़ में अप्रैल-मई 2023 में कुल 19 करोड़ राजस्व की प्राप्ति हो चुकी है। वर्तमान में टैक्स के बकायदारों से भी वसूली की जा रही है। जिलाधिकारी ने जिला में सभी तरह के कुल रजिस्टर्ड वाहनों की संख्या के साथ टैक्स के बकायादारों की सूची भी अगली बैठक में लेकर आने को कहा। ताकि टैक्स के बकायादारों से वसूली अभियान चलाकर किया जा सके। वाहनों की चेकिंग के दौरान फाइन की वसूली को बढ़ाने हेतु बीच-बीच में विशेष अभियान चलाने का भी निदेश दिया गया। वाणिज्य कर विभाग का वार्षिक लक्ष्य 78 करोड़ बताया गया। जिलाधिकारी ने वाणिज्य कर हेतु विभिन्न नये क्षेत्रों में व्यवसाय करने वालों का सर्वेक्षण कर टैक्स के दायरे में लाने हेतु निर्देशित किया गया। इनमें बड़े कोचिंग सेंटर, होटल, रेस्टोरेन्ट, बड़े विवाह भवन शामिल है।राष्ट्रीय बचत पदाधिकारी ने जानकारी दी कि जिले में उनके विभाग का वार्षिक लक्ष्य 548 करोड़ रुपया है। अप्रैल और मई माह में कुल 93 करोड़ प्राप्त होने की जानकारी दी गयी। खनन पदाधिकारी को जिला का ईंट-भट्ठा की सघन जाँच कर वास्तविक उत्पादन के एवज में टैक्स प्राप्त करने का निदेश दिया गया। ईट भट्ठा में प्रदूषण नियंत्रण हेतु नये मानकों के प्रयोग की जाँच करने का भी निदेश दिया गया। विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता को अवैध तरीके से विद्युत का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाने का निदेश दिया गया। निबंधन विभाग का वार्षिक लक्ष्य 234.85 करोड़ बताया गया। अप्रैल-मई के दो महीने में 33 करोड़ के राजस्व प्राप्त हो जाने की जानकारी दी गयी। जिलाधिकारी ने जमीन का वास्तविक मूल्यांकन के प्रति आश्वस्त होने के पूर्व अच्छी तरह से जाँच करने का निदेश दिया। जाँच में जमीन का जियो टैग फोटोग्राफ्स को जाँच प्रतिवेदन में अनिवार्य बताया गया। नगर निगम छपरा अपने राजस्व बढ़ोतरी हेतु एजेंसी के माध्यम से होल्डिंग टैक्स के लिए वास्तविक रूप से पुनर्मूल्यांकन का कार्य करवा रही है। बढ़े दर से जल्द ही शुल्क की राशि वसूल कर राजस्व बढ़ाने की जानकारी दी गयी।
बैठक में उप विकास आयुक्त प्रियंका रानी, नगर आयुक्त, छपरा नगर निगम सुमित कुमार, अपर समाहर्ता डॉ गगन एवं संबंधित विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे।