सारण :- जिले के तरैया थाना क्षेत्र के पोखड़ेरा बगही मिस्री टोला गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के समीप एसएच 104 पर चलती कार में भीषण आग लग गई जिसमें एक महिला जिंदा जल गई। उसमें उसकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई।
घटना शनिवार की सुबह घटी है।
जानकारी के अनुसार मृत महिला की पहचान अवतार नगर थाना क्षेत्र के पकौलिया गोराईपुर गांव निवासी दीपक कुमार राय की पत्नी 28 वर्षीय सोनी कुमारी बताई जाती हैं। घटना में मृतका के पति भी बचाने में आंशिक रूप से जलकर घायल हो गए हैं ।
जिसका प्राथमिक उपचार तरैया रेफरल अस्पताल में किया गया।
अयोध्या दर्शन करने के बाद लौट रहे थे पति पत्नी।
उन्होंने बताया कि वह 13 जून की सुबह अपने ससुराल गड़खा थाना के मोरा बसंत गांव से अपनी पत्नी के साथ कार में सवार होकर अयोध्या दर्शन करने गए हुए थे। वहां से लौटते समय गोरखपुर रुक कर वहां गोरखधाम का दर्शन किए। फिर वहां से कार में सवार होकर अपनी पत्नी के साथ अपने ससुराल लौट रहे थे। तभी बगही में कार से अचानक धुंआ निकलने लगा।
जैसे तैसे कार से निकल कर अपनी पत्नी को भी कार से निकालने का प्रयास करने लगे। तभी कार में भीषण आग लग गई और वह जिंदा जल कर गई।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस नें शव को कब्जे में कर कागजी कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल छपरा भेज दिया और मामले की छानबीन में जुट गई।
घटना को लेकर मृत महिला के मायके वालों में काफी आक्रोश दिख रहे है। उनके द्वारा तरह-तरह का आरोप लगाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।